अपराध

खुद को पत्रकार बता मांगी दो लाख रंगदारी, गिरफ्तार

ऋषिकेश, 02 जुलाई। खुद को पत्रकार बताने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ मकान निर्माण की शिकायत करने की धमकी देकर दो लाख रुपये की रंगदारी मांगने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार ग्रामसभा गुमानीवाला के रूषाफार्म निवासी संदीप पंवार पुत्र यशपाल सिंह ने तहरीर में बताया कि बुधवार को एक व्यक्ति, जिसने अपना नाम मनीष शर्मा और पेशा पत्रकार बताया, उनके आवास पर पहुंचा। आरोप है कि उसने मकान निर्माण का वीडियो बनाया और निर्माण की शिकायत कर कार्रवाई कराने की धमकी देते हुए कहा कि यदि कार्रवाई से बचना है तो उसे दो लाख रुपये देने होंगे।

तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि जब संदीप पंवार ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए। वह आरोपी को पकड़कर श्यामपुर पुलिस चौकी पहुंचे।

पुलिस ने संदीप पंवार की लिखित शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button