SIR में आपत्तियों के निस्तारण को बनाएं कार्ययोजना
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मंडलायुक्तों के साथ अभियान की समीक्षा की

देहरादून, 01 जुलाई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने कुमांऊ और गढ़वाल के मंडलायुक्तों (रोल ऑब्जर्वर) के साथ वीडियो कांन्फ्रेंस कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा की।
सीईओ ने निर्देश दिए कि मंडलायुक्त जनपदों की फील्ड विजिट कर ऐसे पोलिंग बूथ का भ्रमण करें जहां “अन कलेक्टेबल” श्रेणी में मार्क मतदाताओं की संख्या अधिक है। साथ ही मंडलायुक्त, डीईओ, ईआरओ द्वारा जांच की गई एसएसडी सूची की भी समीक्षा करें।
डॉ. पुरुषोत्तम ने निर्देश दिए कि बूथ लेवल अधिकारी ऐब्सेंट, शिफ्टेड और डेथ (ASD) सूची में शामिल मतदाताओं के गणना फार्म पर यथोचित टिप्पणी अवश्य अंकित करें। प्रत्येक टिप्पणी पर बीएलओ समेत बूथ अवेयरनेस ग्रुप के सदस्यों के हस्ताक्षर प्राप्त करें।
आगामी 14 जुलाई को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद दावे और आपत्तियों के निस्तारण के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाई जाए। प्रदेश में 70 ईआरओ के साथ ही 800 एईआरओ की भी तैनाती की गई है। सभी जनपद विशेष ध्यान रखें कि नोटिस फेज में किसी भी मतदाता को अनावश्यक परेशानी ना हो।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि पहाड़ी क्षेत्रों में दावे आपत्तियों के निस्तारण के लिए न्याय पंचायत स्तर पर कैंप लगाने के लिए रोस्टर तैयार किया जाए। मैदानी क्षेत्र के मतदाताओं की सुविधा के लिए तहसील के अतिरिक्त नगर निगम, नगर पंचायत और वार्ड लेवल पर कैंप का रोस्टर तैयार किया जाए।
बैठक में कुमांऊ कमिश्नर दीपक रावत, गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरुप, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास मौजूद रहे।



