उधमसिंह नगर

शहीद ऊधम सिंह का बलिदान देता है राष्ट्रभक्ति की प्रेरणाः धामी

गदरपुर, 31 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अमर शहीद ऊधम सिंह का जीवन हमें साहस, स्वाभिमान, राष्ट्रभक्ति और बलिदान की प्रेरणा देता है। उनका त्याग प्रत्येक भारतीय के मन में देशभक्ति की भावना का संचार करता है।

शुक्रवार को कम्बोज धर्मशाला में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शहीद ऊधम सिंह की शहादत दिवस पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने अखण्ड पाठ में प्रतिभाग किया और गुरूद्वारे में मत्था टेक कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भी हम अमर शहीद ऊधम सिंह के त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति का स्मरण करते हैं, तो हमारा सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है। कहा कि जलियांवाला बाग हत्याकांड भारतीय इतिहास का एक दुखद और काला अध्याय था। शहीद ऊधम सिंह ने उस अन्याय का प्रतिकार किया और पूरी दुनिया के सामने भारत के स्वाभिमान, साहस और अदम्य संकल्प का परिचय दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रभक्ति, सेवा, त्याग और मानवता की यह प्रेरणा हमें गुरु ग्रंथ साहिब की पावन वाणी से प्राप्त होती है। गुरु साहिब की शिक्षाएं मानवता, करुणा, सत्य, भाईचारे और निस्वार्थ सेवा का मार्ग प्रशस्त करती हैं। ये शिक्षाएं पूरे राष्ट्र को प्रेरित करने वाली हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के विकास में सिख समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने आह्वान किया कि अमर शहीद ऊधम सिंह के आदर्शों को सदैव अपने हृदय में जीवित रखें और उनके बताए मार्ग पर चलकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक अरविन्द पाण्डेय, शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, जिलाध्यक्ष भाजपा कमल जिंदल, मनोज पाल, मेयर विकास शर्मा, दीपक बाली, दायित्वधारी अनिल कपूर डब्बू आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button