ऋषिकेश

निकायों के सशक्तिकरण पर देशभर के मेयर करेंगे मंथन

योगनगरी में 3 व 4 जून को ऑल इंडिया मेयर्स काउंसिल की बैठक

ऋषिकेश। योगनगरी ऋषिकेश में पहली बार ऑल इंडिया मेयर काउंसिल की 117वीं बैठक आयोजित होगी। मेजबान नगर निगम ने 3 और 4 जून को प्रस्तावित बैठक की तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिसमें देशभर के करीब 60 महापौर प्रतिभाग करेंगे। इनमें से 46 मेयरों की सहभागिता सुनिश्चित हो चुकी है।

ऋषिकेश मेयर शंभू पासवान ने मीडिया को बताया कि इंद्रमणि बडोनी चौक स्थित होटल नटराज में प्रस्तावित वाले दो दिवसीय बैठक का शुभारंभ 3 जून को सुबह साढे 10 बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, राम सिंह कैड़ा, राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद अग्रवाल भी मौजूद रहेंगे।

उन्होंने बताया कि इस बैठक में शहरी विकास, स्थानीय निकायों के सुदृढ़ीकरण और नागरिक सुविधाओं के विस्तार आदि विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

पासवान ने बताया कि पहले दिन दो सत्र होटल में आयोजित होंगे, जबकि तीसरा सत्र त्रिवेणी घाट पर होगा। यहां भव्य गंगा आरती के साथ सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण अपनी प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा और सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत भी शामिल होंगे।

दूसरे दिन समापन सत्र में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक मुख्य अतिथि रहेंगे। अतिथि सम्मान समारोह के बाद शाम को त्रिवेणी घाट पर डॉ. राकेश भट्ट एवं शारदा स्वर संगम मंच द्वारा गढ़वाली नाटक ‘द्रुपदा की लाज’ का मंचन किया जाएगा।

महापौर पासवान ने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पार्षदों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस आयोजन पर नगर निगम के बोर्ड फंड से लगभग 20 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button