
ऋषिकेश। कांग्रेस विधायक प्रत्याशी जयेन्द्र रमोला ने कार्यकर्ताओं के साथ शहर से गांव तक जनसंपर्क के साथ नुक्कड़ सभाएं की। इस दौरान उन्होंने कहा कि इसबार ऋषिकेश सीट पर परिवर्तन सुनिश्चित हो चुका है। वादा किया कि जीतने पर विधानसभा के हर हिस्से में समस्याओं को दूर किया जाएगा।
शुक्रवार को कांग्रेसजनों ने प्रत्याशी जयेंद्र रमोला के साथ प्रतीतनगर, रायवाला, बीसबीघा, मीरानगर, जयराम आश्रम, आशुतोष नगर आदि में जनसंपर्क अभियान चलाया। इबसीच मतदाताओं से 14 फरवरी के दिन कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की गई। जनसंपर्क के दौरान स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में उनके काफिले से जुड़े। कई जगहों पर उनका फूलमालाओं से स्वागत भी किया गया। 
नुक्कड़ सभाओं में जयेंद्र रमोला ने कहा कि इसबार लड़ाई भ्रष्टाचार, 15 साल की नाकामियों, जुमलेबाज राजनीति और सत्ता का सुख भोग रहे विधायक को विदा करने की है। कहा कि भाजपा विधायक आज भी अपनी उपलब्धियों की बजाए केंद्रीय योजनाओं को अपना बताकर वोट मांग रहे हैं। विकास के काम नहीं किए तो सिर्फ मोदी के नाम का ही सहारा बचा है। लेकिन जनता इसबार उन्हें विदा करने को तैयार है। जनता स्थानीय समस्याओं को हल करने वाले जनप्रतिनिधि को ही चुनने के पक्ष में है।
रायवाला महिला कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अंशुल त्यागी ने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा की जनता इसबार जयेन्द्र रमोला के साथ है। प्रदेश और ऋषिकेश में परिवर्तन तय है। सत्तामद में चूर अहंकारी विधायक को अब जनता घर वापस भेजने के लिए मन बना चुकी है।
अभियान में महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष मधु सेमवाल, महानगर अध्यक्ष सरोज देवरानी, उर्मिला नौटियाल, जिला महासचिव अलका क्षेत्री, दीपा चमोली, गीता, सविता शर्मा, उमा कंडवाल, सुनीता थापा, विवेक रावत, सतीश रावत, ओमप्रकाश पांडे, लक्ष्मी थापा, शांति सेमवाल, संजू पोखरियाल, मंजू क्षेत्री, प्रमोद, पिंटू प्रजापति आदि शामिल रहे।



