
देहरादून/ हल्द्वानी, 10 जुलाई। उत्तराखंड के वरिष्ठ पत्रकार, पर्यावरण चिंतक और जनआंदोलनों के प्रतिबद्ध हस्ताक्षर रहे स्वर्गीय कुंवर प्रसून की 20वीं पुण्यतिथि पर 15 जुलाई को दून पुस्तकालय एवं शोध संस्थान देहरादून में स्मृति समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन कुंवर प्रसून स्मृति मंच, रामपुर गांव, खाड़ी (टिहरी गढ़वाल) द्वारा किया जा रहा है।
कुंवर प्रसून के पुत्र प्रोफेसर अनुपम भंडारी ने बताया कि इस अवसर पर “कुंवर प्रसून स्मृति पर्यावरण एवं जनपक्षधर पत्रकारिता सम्मान“ की औपचारिक शुरुआत की जाएगी। इस सम्मान का प्रथम अलंकरण उत्तराखंड के वरिष्ठ पत्रकार जगमोहन रौतेला (हल्द्वानी) को पर्यावरण संरक्षण, जन-सरोकारों और सामाजिक मुद्दों पर उनकी दीर्घकालीन एवं जनपक्षधर पत्रकारिता के लिए प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सम्मान के अंतर्गत ₹11,000 की सम्मान राशि, प्रशस्ति-पत्र व अंगवस्त्र भेंट किया जाएगा। यह सम्मान समारोह के मुख्य अतिथियों और कुंवर प्रसून की धर्मपत्नी रंजना भण्डारी द्वारा प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक शीशपाल गुसाईं की पुस्तक “कलम का गांधी : कुंवर प्रसून और जन सरोकार“ का लोकार्पण भी होगा। यह पुस्तक कुंवर प्रसून के जीवन, विचारों, पत्रकारिता, पर्यावरणीय संघर्षों और जनआंदोलनों में उनके ऐतिहासिक योगदान का विस्तृत और प्रामाणिक दस्तावेज है।
पुस्तक में कुंवर प्रसून की लगभग चार दशकों की सार्वजनिक यात्रा 1970 के दशक से लेकर वर्ष 2006 तक का क्रमबद्ध और शोधपरक विवरण प्रस्तुत किया गया है। इसमें उनके पर्यावरण संरक्षण, अवैध खनन के विरोध, शराबबंदी आंदोलन, दलितों का संघर्ष, बंधुआ मजदूरी, अपनों ही द्वारा वेश्यावृत्ति में धकेलने, समान शिक्षा, लोकतांत्रिक अधिकारों और जनहित के अनेक मुद्दों पर किए गए प्रसून के कार्यों का विस्तार से उल्लेख किया गया है। साथ ही उन्हें प्राप्त राष्ट्रीय सम्मानों और सामाजिक योगदान का भी विशेष रूप से वर्णन किया गया है।
कुंवर प्रसून के व्यक्तित्व, कृतित्व, जन पक्षधर पत्रकारिता, पर्यावरणीय चिंतन और जनआन्दोलनों में उनके ऐतिहासिक योगदान पर देश के प्रतिष्ठित पर्यावरणविद्, पत्रकार और चिंतक अपने विचार रखेंगे। इस अवसर पर प्रोफेसर जयंत भट्टाचार्य (विशिष्ट फेलो, ऑब्जर्वर रिसर्च फाउंडेशन, कोलकाता), विजय जड़धारी (बीज बचाओ आन्दोलन, जड़धार गांव), राजीव लोचन साह (सम्पादक, नैनीताल समाचार), राजीव नयन बहुगुणा (वरिष्ठ पत्रकार), जय सिंह रावत (वरिष्ठ पत्रकार) और संजय कोठियाल (सम्पादक, युगवाणी) व्याख्यान देंगे।



