देहरादूनः भारी बारिश के बीच ग्राउंड जीरो पर उतरे डीएम

देहरादून, 09 जुलाई। उत्तराखंड में मौसम विभाग के रेड अलर्ट और लगातार मूसलाधार बारिश के बीच जिला प्रशासन अलर्ट है। डीएम डॉ. आशीष चौहान ने खुद मोर्चा संभालते हुए भारी बारिश के बीच सहस्रधारा, कार्लीगाढ़ और सपेरा बस्ती का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया, साथ ही अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी सबसे पहले सहस्रधारा-सरोना मोटर मार्ग पहुंचे। बरसात के कारण आए मलबे की वजह से यह रोड चार जगहों पर अवरूद्ध थी। पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता ने बताया कि बीते वर्ष यह मार्ग 11 से अधिक जगहों पर टूटा था। बजट की कमी और स्थायी ट्रीटमेंट न होने से हल्की बारिश में भी बंद हो जाता है। डीएम तत्काल विभाग को जेसीबी लगाकर मार्ग को सुचारू करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग ने बताया कि कार्लीगाढ़ में पिछली आपदा के मलबे का निस्तारण, समतलीकरण और नदी चैनलाइजेशन का काम पूरा कर लिया गया है। डीएम ने तहसील प्रशासन को नदी पार रहने वाले परिवारों के पास पर्याप्त खाद्य सामग्री, बिजली, पानी की व्यवस्था के निर्देश दिए। साथ ही, आपात स्थिति के दृष्टिगत उनके फोन नंबर जिला कंट्रोल रूम में दर्ज कराने को कहा।
आपदा के लिहाज से अति-संवेदनशील सपेरा बस्ती में डॉ. चौहान ने नाले के ट्रीटमेंट और क्षतिग्रस्त दीवारों की मरम्मत का इस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनसे सुरक्षात्मक उपायों पर सुझाव भी मांगे।
डीएम ने बस्ती में सुरक्षात्मक कार्यों को तुरंत पूरा करने, असुरक्षित मकानों में रह रहे लोगों की शिफ्टिंग, बारिश के दौरान अलर्ट सिस्टम मजबूत करने के निर्देश भी दिए।
मौके पर पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता रघुवीर सिंह गुसाईं, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता दीक्षांत गुप्ता, नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आनंद, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ऋषभ कुमार आदि अधिकारी मौजूद रहे।



