
ऋषिकेश। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (Aiims) ने टेलीमेडिसिन सेवा से उत्तराखंड के दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों तक स्वास्थ्य परामर्श पहुंचाकर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। वर्ष 2018 में शुरू सेवा को 5 अगस्त 2023 में ‘डिपार्टमेंट ऑफ टेलिमेडिसिन एंड बायोमेडिकल इंफॉर्मेटिक्स’ की स्थापना के बाद नई गति मिली है।
इस पहल के तहत अब सैकड़ों किलोमीटर दूर बैठे मरीजों को घर पर ही विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श मिल रहा है। पिछले तीन वर्षों में 46,189 से अधिक लोग इस सेवा का लाभ उठा चुके हैं। संस्थान द्वारा टेली-एजुकेशन और टेली-परामर्श दोनों सेवाएं संचालित की जा रही हैं, जो राज्य की विषम भौगोलिक परिस्थितियों में अत्यंत उपयोगी साबित हो रही हैं।
संस्थान की कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह ने कहा कि टेलीमेडिसिन सेवा न केवल एक तकनीकी पहल है, बल्कि दूरदराज के लोगों के लिए जीवन रक्षक प्रणाली बन चुकी है, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत हो रही है।
ऐसे लें टेलीमेडिसिन सेवा का लाभ
टेली-कंसल्टेशन के लिए एम्स ऋषिकेश की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध टेलीफोन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा ‘ई-संजीवनी’ पोर्टल के जरिए वीडियो कॉल से विशेषज्ञों से परामर्श लेने की सुविधा भी उपलब्ध है।
महत्वपूर्ण संपर्क नंबर
• ट्रॉमा टेलीमेडिसिन (टोल फ्री) 18001804278
• इमरजेंसी टेलीमेडिसिनः 7060005829 / 0135-2462503
• टेलीमेडिसिन फॉलोअपः 7302895044
• आई बैंकः 9068563883 / 0135-2460835
इन विभागों में मिल रहा परामर्श
सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, बाल शल्य चिकित्सा, यूरोलॉजी, पल्मोनरी मेडिसिन, ईएनटी, एंडोक्रिनोलॉजी, स्त्री एवं प्रसूति रोग, बर्न एवं प्लास्टिक सर्जरी, त्वचा रोग, न्यूरोसर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स, जनरल मेडिसिन और मेडिकल ऑन्कोलॉजी सहित कई विभागों के विशेषज्ञ ऑनलाइन परामर्श दे रहे हैं।



