Rishikesh: विश्व रक्तदाता दिवस पर एम्स ने निकाली मैराथन रैली
संत निरंकारी मिशन के स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

ऋषिकेश, 14 जून। विश्व रक्तदाता दिवस पर एम्स की ओर से जनजागरूकता के मकसद से मैराथन रैली आयोजित की गई। रैली में संत निरंकारी मिशन के स्वयंसेवकों ने प्रतिभाग कर स्वैच्छिक रक्तदान का संदेश दिया।
रैली के दौरान प्रतिभागियों ने “रक्त नालियों में नहीं, नाड़ियों में बहना चाहिए” जैसे प्रेरक नारों के माध्यम से लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया। उन्होंने रक्तदान से जुड़े भ्रमों को दूर करते हुए बताया कि एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों का जीवन बचा सकता है।
यह भी जानकारी दी कि रक्तदान से शरीर में कमजोरी नहीं आती, बल्कि नई रक्त कोशिकाओं के निर्माण की प्रक्रिया सक्रिय होती है तथा आयरन का स्तर संतुलित रहने से हृदय रोगों का खतरा भी कम हो सकता है।
मैराथन के समापन पर एम्स प्रशासन ने कहा कि इस आयोजन से समाज में सकारात्मक संदेश गया है। अधिक लोग स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित होंगे।



