उधमसिंह नगर

अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने को सरकार प्रतिबद्धः धामी

खटीमा में किया ‘जन-जन की सरकार, मुख्य सेवक आपके द्वार’ का शुभारम्भ

खटीमा, 14 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने तीन दिवसीय खटीमा प्रवास के दौरान शहीद हरी किशन शिक्षण संस्थान बगुलिया में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, मुख्य सेवक आपके द्वार’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और ग्रामोटौरन परियोजना के अंतर्गत सद्भावना सीएलएफ द्वारा संचालित दीदी कैफे का शुभारम्भ किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए दौर में आगे बढ़ रहा है। आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, मुफ्त राशन और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।

सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, पर्यटन और हवाई कनेक्टिविटी के क्षेत्र में तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने और नकल विरोधी कानून को राज्य सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियां बताते हुए कहा कि इससे युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने में मदद मिली है। उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

इस दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता प्रदान की गई। मत्स्य विभाग ने ऑर्नामेंटल फिश यूनिट निर्माण के लिए दो लाभार्थियों को सहयोग राशि दी, जबकि कृषि विभाग ने स्वयं सहायता समूहों को अनुदान और 22 किसानों को उर्वरक वितरित किए। समाज कल्याण विभाग ने 10 लोगों को सहायक उपकरण, स्वास्थ्य विभाग ने पांच महिलाओं को जननी सुरक्षा योजना का लाभ और सहकारिता विभाग ने आठ लाभार्थियों को शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण चेक प्रदान किए।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दर्जाधारी अनिल कपूर डब्बू, रणजीत सिंह नामधारी, किशन सिंह किन्ना, पालिकाध्यक्ष रमेश चंद जोशी, जिपं सदस्य सागर सिंह धामी, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, नगर पंचायत अध्यक्ष नानकमत्ता प्रेम सिंह टुरना, रविंद्र राणा, डीएम नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, एडीएम कौस्तुभ मिश्र, एएसपी उत्तम सिंह नेगी आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button