
ऋषिकेश। थाना रानीपोखरी अंतर्गत रखववाल गांव में एक पूर्व फौजी ने पत्नी और खुद को गोली मार कर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। आसपास के ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिंक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही सैंपल एकत्र किए।
घटना गुरुवार सुबह करीब नौ बजे की बताई जा रही है। इठारना मार्ग पर भोगपुर के निकट रखवाल गांव में एक पूर्व सैनिक भोगपुर स्थित अपने परिचित के यहां से सुबह घर पहुंचा था। जिसके बाद फौजी ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से पहले पत्नी और फिर खुद को गोली मार कर समाप्त कर डाला। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा।
सीओ ऋषिकेश डीसी ढौंडियाल ने बताया कि मृतक बृजेश कृषाली उर्फ बृजी (58) आर्नरी कैप्टन के पद से सेवानिवृत्त था। पत्नी का नाम कुसुम कृषाली (55) बताया गया है। पत्नी का शव आंगन में और फौजी का शव क्यारी में पड़ा मिला। बताया कि पत्नी के पेट और गले में और फौजी के गले में गोली लगी है।