Presidential Election 2022: देहरादून। देश के 15वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए उत्तराखंड में मतदान आज शाम पांच बजे संपन्न हो गया। चुनाव में राज्य के 70 में से 67 विधायक ही वोट कर सके। एक मंत्री और दो विधायक वोट करने नहीं पहुंच सके।
राष्ट्रपति के चुनाव के लिए विधानसभा भवन के कक्ष संख्या में 321 में पोलिंग बूथ बनाया गया था। सुबह 10 बजे आरंभ वोटिंग शाम 5 बजे समाप्त हुई। इसबीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत भाजपा के 46, कांग्रेस के 17, बसपा के 2 और 2 निर्देलीय विधायकों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान प्रक्रिया उत्तराखंड के लिए नियुक्त पर्यवेक्षक एलएस चांगसांग की निगरानी में पूरी हुई।
गैरहाजिर मतदाताओं में परिवहन मंत्री चंदनराम दास अस्पताल में भर्ती होने के चलते वोट डालने नहीं पहुंच सके। जबकि कांग्रेस के विधायक तिलकराज बेहड़ भी बीमारी के चलते वोट नहीं डाल सके। वहीं कांग्रेस के विधायक राजेंद्र सिंह भंडारी भी किन्हीं कारण से वोट डालने से वंचित रहे।