देहरादूनयुवा

13 सितंबर को होंगी CDS, NDA और NA परीक्षाएं

देहरादून में 54 परीक्षा केंद्रों पर 21,798 अभ्यर्थी होंगे शामिल

देहरादून, 11 सितम्बर। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की ओर से 13 सितंबर को कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज (सीडीएस), नेशनल डिफेंस एकेडमी (एनडीए) और नेवल एकेडमी (एनए) की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। जनपद देहरादून में इन परीक्षाओं के लिए 54 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा ने सेक्टर मजिस्ट्रेट व केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को यूपीएससी द्वारा जारी दिशा-निर्देशों व निर्धारित मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करते हुए परीक्षाओं को निर्विघ्न संपन्न कराने के निर्देश दिए।

एडीएम ने कहा कि परीक्षा से संबंधित सीलबंद बॉक्स प्राप्त होने के बाद प्रत्येक परीक्षा केंद्र प्राप्त बॉक्स का विवरण व संख्या निर्धारित समय में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करे। उन्होंने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा से एक दिन पूर्व केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाओं का भौतिक निरीक्षण कर सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में आयोग के अधिकारियों ने परीक्षा आयोजन से संबंधित दिशानिर्देशों व व्यवस्थाओं की जानकारी दी। बताया गया कि सीडीएस परीक्षा में 8,001 और एनडीए व एनए परीक्षा में 13,797 अभ्यर्थी शामिल होंगे। सीडीएस परीक्षा तीन पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली प्रातः 9 से 11 बजे, द्वितीय 12:30 से 2:30 बजे और तृतीय 4 से 6 बजे तक होगी। वहीं एनडीए और एनए परीक्षा दो पालियों में प्रातः 10 से 12:30 बजे और 2 से 4:30 बजे में आयोजित होगी।

अपर जिलाधिकारी ने परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और परीक्षा को शांतिपूर्ण व सुचारु रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button