पिथौरागढ़ को ₹284 करोड़ की 67 योजनाओं की सौगात

पिथौरागढ़, 25 अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिथौरागढ़ के वाशिंदों को ₹284 करोड़ से अधिक की 67 विकास योजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और धार्मिक स्थलों के विकास से जुड़ी कई घोषणाएं कीं।
रविवार को आयोजित कार्यक्रम में धामी ने कहा कि सरकार सीमांत क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और स्थानीय रोजगार बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। बताया कि ₹750 करोड़ से अधिक की लागत से विकसित हो रहे पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
पिथौरागढ़-बांस-आंवलाघाट सड़क और पुल बनने से गंगोलीहाट की दूरी कम होगी और हाट कालिका मंदिर पहुंचना आसान होगा। पिथौरागढ़ से मुनस्यारी, हल्द्वानी, दिल्ली और देहरादून तक हवाई संपर्क को बढ़ावा दिया जा रहा है। नैनीसैनी हवाई अड्डे को लगभग ₹450 करोड़ में विकसित किया जा रहा है।
सीएम ने की ये घोषणाएं
मुख्यमंत्री की घोषणाओं में नैनीसैनी देवत से कनारी पाभैं तक मोटर मार्ग का सुधारीकरण व डामरीकरण, कैलीगाड़ पुल से बेस अस्पताल तक सड़क का सुधारीकरण व हॉटमिक्स कार्य, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डीडीहाट का उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकरण और अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र मवानी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाना की घोषणा शामिल हैं। इसके अलावा मूनाकोट के रियांसी में राजकीय महाविद्यालय की स्थापना को स्वीकृति, अस्कोट लिफ्ट पेयजल योजना का कार्य, ज्याला मंदिर छाना पाण्डेय में सीसी मार्ग, ग्राम चिमुशी में गाड़ देवी मंदिर का सौंदर्यीकरण और चण्डाक-छेड़ा-दिगतोली सड़क का सुधारीकरण व चौड़ीकरण करने की घोषणा भी की गई।
लाभार्थियों को बांटे चेक
कार्यक्रम में उद्योग, कृषि, उद्यान, पशुपालन और मत्स्य विभाग की विभिन्न स्वरोजगारपरक योजनाओं के तहत लाभार्थियों को एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि के चेक वितरित किए गए। इसके बाद उन्होंने सीमांत नेत्र चिकित्सालय में ऑप्टिकल बायोमीटर का शुभारंभ किया, जिससे मरीजों को बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।
यह रहे मौजूद
केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, विधायक डीडीहाट बिशन सिंह चुफाल, गंगोलीहाट फकीर राम टम्टा, जिपं अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, मेयर कल्पना देवलाल, दायित्वधारी गणेश भंडारी, हेमराज बिष्ट, गिरीश जोशी, चंद्रा पंत, डीएम आशीष कुमार भटगांई, एसपी अक्षय प्रह्लाद कोंडे, एडीएम योगेंद्र सिंह, एसडीएम सदर जितेंद्र वर्मा आदि मौजूद रहे।



