राज्यपाल ने आईटीबीपी के जवानों का बढ़ाया हौसला

पिथौरागढ़। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने शनिवार को मुनस्यारी स्थित भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की 14वीं वाहिनी के अधिकारियों और जवानों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने सीमांत क्षेत्रों की सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, नागरिक सहयोग और राष्ट्र सेवा में आईटीबीपी की भूमिका की सराहना की।
राज्यपाल ने कहा कि मुनस्यारी जैसे दुर्गम और चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में उच्च मनोबल, अनुशासन और समर्पण के साथ सीमा सुरक्षा का दायित्व निभा रहे जवान पूरे देश के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने कहा कि विषम मौसम और कठिन परिस्थितियों के बावजूद जवानों की मुस्तैदी व कर्तव्यनिष्ठा राष्ट्र के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती है। कहा कि पूरे देश को अपने सुरक्षा बलों पर गर्व है।
राज्यपाल ने कहा कि राज्य की गौरवशाली सैन्य परंपरा देश की अमूल्य धरोहर है। कहा कि सैनिक का जीवन केवल एक पेशा नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का सर्वोच्च संकल्प है।
इस अवसर पर उन्होंने आईटीबीपी की 14वीं वाहिनी द्वारा सीमा सुरक्षा, रेस्क्यू अभियानों, लॉन्ग रेंज पेट्रोलिंग, हिमाद्री अभियान और ‘वाइब्रेंट विलेज’ जैसी पहलों में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए अधिकारियों और जवानों को बधाई दी।



