
ऋषिकेश (शिखर हिमालय)। टिहरी के अदरक को दुनियाभर में पहचान मिलेगी। इसके लिए मुनिकीरेती क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय अदरक महोत्सव आयोजित किया जाएगा। पोखरी में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने यह बात कही।
पोखरी, चाका में भाजपा मंडल के पदाधिकारियों और स्थानीय ग्रामीणों ने नरेंद्रनगर मंडी अध्यक्ष पद पर वीर सिंह रावत को मनोनीत किए जाने पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल का आभार जताया। कैबिनेट मंत्री और मंडी अध्यक्ष का फूलमालाओं से जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि किसानों को अपने उत्पाद का उचित मूल्य मिले यही सरकार का उद्देश्य है।
बताया कि नरेंद्रनगर की मंडी प्रदेश की बेहतरीन मंडियों में शुमार है। इसमें पर्वतीय क्षेत्र का किसान सुनियोजित प्लान के तहत उत्पादों को मंडी में बेच सकेगा। मंडी में अत्याधुनिक सुविधाएं होने के कारण ऑफसीजन में भी उचित मूल्य पर उत्पाद बिक सकेंगे। किसानों की सुविधा के लिए उत्तरकाशी में 13 करोड़ रुपए की लागत से जल्द मंडी खुलेगी। आराकोट में 23 करोड़ रुपए से कोल्ड स्टोरेज भी खोला जाएगा। बताया कि इससे प्रदेश में कृषि उत्पादों के बिचौलियों की भूमिका समाप्त होगी।
मौके पर ब्लाक प्रमुख राजेन्द्र भंडारी, मीना खाती, मंडल अध्यक्ष अरविंद उनियाल, क्रेजी फेडरेशन अध्यक्ष मनीष डिमरी, जिला अध्यक्ष रेखा राणा, रोशनी राणा, गजेंद्र खाती आदि मौजूद थे।