कांवड़ यात्राः 25 जुलाई तक हरहाल में पूरी हों तैयारियां: डीएम

पौड़ी (गढ़वाल), 23 जुलाई। श्रावण मास कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने को लेकर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने संबंधित विभागों और जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ समीक्षा बैठक की। निर्देश दिए कि विभाग 25 जुलाई तक सभी तैयारियां हर हाल में पूरी करें।
डीएम ने बताया कि यात्रा क्षेत्र को सात जोन और 23 सेक्टरों में बांटा गया है। सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को नियमित स्थलीय निरीक्षण, व्यवस्थाओं की दैनिक समीक्षा और समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में स्वच्छता, पेयजल, बिजली, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, यातायात प्रबंधन और आपदा तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिक भीड़ वाली जगहों पर फीडिंग रूम और सैनिटरी वेंडिंग मशीन से युक्त स्थायी पिंक टॉयलेट विकसित करने, सभी शौचालयों को क्रियाशील रखने व पर्याप्त कूड़ेदान और कूड़ा वाहनों की व्यवस्था के निर्देश दिए गए।
डीएम ने बताया कि यात्रा क्षेत्र में लगभग 450 विद्युत व सोलर लाइटें लगी हैं। शेष लाइटें व हाईमास्ट लगाने और विद्युत तंत्र का सेफ्टी ऑडिट पूरा करने को कहा गया है। इसके अलावा पैदल मार्गों की मरम्मत, चेतावनी बोर्ड, साइनेज, संवेदनशील क्षेत्रों में जेसीबी व अन्य संसाधनों की तैनाती, पार्किंग स्थलों पर दर सूची प्रदर्शित करने व पुलिस के समन्वय से बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में एडीएम एफआर चौहान, एएमए जिला पंचायत संजय खंडूरी, एसडीएम चतर सिंह चौहान समेत संबंधित विभागों के अधिकारी, जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट मौजूद रहे।



