उत्तराखंड

भ्रष्टाचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें अधिकारी : सीएम

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को भ्रष्टाचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। कहा कि राज्य के नागरिक भी टोल फ्री नंबर 1064 पर भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों को कोताही बरतने पर कठोर कार्रवाई को भी चेताया।

मंगलवार को हल्द्वानी भ्रमण के दौरान सीएम धामी ने सर्किट हाउस काठगोदाम में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त करने के लिए लोगों द्वारा जो भी शिकायतें की जाती है उन पर त्वरित कार्यवाही की जाए। कहा कि जन शिकायतों और समस्याओं का निराकरण तत्काल किया जाना चाहिए। कहा कि प्रदेश का कोई भी नागरिक भ्रष्टाचार के सम्बन्ध में टोल फ्री नम्बर 1064 पर जानकारी दे सकता है।

मुख्यमंत्री ने आयुक्त कुमाऊं और आईजी को भ्रष्टाचारियों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही के निर्देश भी दिए। कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से उत्तराखंड में आने वाले बाहरी असामाजिक तत्वों पर रोक लगाना जरूरी है। इसके लिए पुलिस महकमे के साथ ही वन विभाग व अन्य विभागों को चौकन्ना रहने होगा। इसके लिए सघन चेकिंग अभियान समय-समय पर चलाये जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारी आमजन के साथ ही जनप्रतिनिधियों के फोन अवश्य उठाए। लोगों की सकारात्मक रूप से सुनवाई कर समस्या का समाधान करें, कोई भी विभाग अपनी जिम्मेदारी दूसरे विभाग पर न डाले। आयुक्त दीपक रावत को निर्देश दिए कि कुमाऊं मंडल में विकास कार्यों की मॉनिटरिंग की जाए। कोताही व शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही अमल में लाई जाए।

बैठक में अध्यक्ष जिला पंचायत बेला तोलिया, मेयर डॉ. जोगेन्द्र पाल सिंह रौतेला, विधायक दीवान सिंह बिष्ट, रामसिंह कैडा, डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट समेत अधिकारी मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button