ऋषिकेश। बेतहाशा महंगाई, पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस के देशव्यापी विरोध प्रदर्शन के आह्वान पर कांग्रेसजनों ने ढालवाला स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप को अपने विरोध का केंद्र बनाया। इस दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उनका कहना था कि भाजपा पांच राज्यों में चुनावी जीत के इनाम के तौर पर जनता को महंगाई का तोहफा दे रही है।
गुरुवार को ढालवाला स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप पर जुटे मुनिकीरेती, ढालवाला, नरेंद्रनगर और देवप्रयाग के कांग्र्रेसजनों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पूर्व विधायक ओमगोपाल रावत ने कहा कि भाजपा ने अच्छे दिनों की खूब बातें कर सरकारें बनाई। अब इसका जनता को इसका इनाम महंगाई और बेरोजगारी के रूप में दिया जा रहा है।
कार्यकारी जिला अध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल ने कहा कि भाजपा जनता को धोखा देते आई है। उन्होंने महंगाई कम करने और बेरोजगारी हटाने का वायदा किया था, लेकिन किया उल्टा। महंगाई चरम पर है। पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, खाद्य सामग्री और अन्य सामान सब कुछ महंगा हो रहा है।
नगर अध्यक्ष महावीर खरोला ने कहा कि भाजपा के राज में आमजन का जीना दुश्वार हो गया है। बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ता महंगाई, बेरोजगारी को लेकर सड़कों पर आंदोलन जारी रखेंगे।
प्रदर्शन में कांग्रेस प्रदेश सचिव दिनेश सकलानी, कार्यकारी नगर अध्यक्ष अजय रमोला, पूर्व नगरपालिका नरेंद्रनगर अध्यक्ष राजेंद्र राणा, दिनेश चंद्र मास्टर, जिला उपाध्यक्ष बलदेव भंडारी, जिला प्रवक्ता अनिल रावत, दीपक खत्री, विक्की प्रजापति, बिपिन रावत, सोहनलाल, लक्ष्मण राजभर, विजेंद्र राणा, महर्षि शरण रतूड़ी, कुलदीप उनियाल, धर्म जोशी, बृजमोहन भंडारी, प्यारी रावत, उर्मिला मंमगाई, विकास चौहान आदि शामिल रहे।