देवप्रयाग: गंगा नदी में बहा हरियाणा का कांवड़िया

देवप्रयाग, 8 अगस्त। टोड़ेश्वर घाट पर गंगाजल लेने के दौरान हरियाणा का एक कांवड़िया गंगा की तेज धारा में बह गया। SDRF की टीमों ने गंगा में बहे कांवड़िए की तलाश की, लेकिन शाम तक उसका कोई पता नहीं चला।
जानकारी के अनुसार आर्यन मिश्रा (24) पुत्र सतेंद्र मिश्रा निवासी मीठापुर, फरीदाबाद हरियाणा पांच दोस्तों के साथ गंगाजल लेने देवप्रयाग पहुंचा था। टोड़ेश्वर घाट पर जल भरते समय उसका अचानक संतुलन बिगड़ने से वह गंगा की मुख्य धारा में जा गिरा। जहां देखते ही देखते वह जलधारा में ओझल हो गया।
घटना के बाद उसके साथियों में हड़कंप मच गया और उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सहायक उपनिरीक्षक रविंद्र भंडारी ने बताया कि एसडीआरएफ और जल पुलिस ने गंगा नदी के कई हिस्सों में युवक की खोज के लिए व्यापक सर्च किया। हालांकि शाम तक युवक का पता नहीं चला।



