देहरादूनः विधानसभा के विशेष सत्र की तैयारियां पूरी
विधानसभा अध्यक्ष ने उच्चाधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा के 28 अप्रैल को प्रस्तावित विशेष सत्र “नारी सम्मान – लोकतंत्र में अधिकार” की तैयारियां तेज हो गई हैं। सत्र को लेकर रविवार को विधानसभा भवन में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय सुरक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विधानसभा सत्र के संचालन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। इसमें कानून-व्यवस्था, वीआईपी, आगंतुक प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, पार्किंग समेत फायर सेफ्टी, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, स्वच्छता, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और संचार तंत्र पर मंथन किया गया। वहीं, मीडिया प्रबंधन पर भी जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए गए।
स्पीकर ऋतु खंडूड़ी ने कहा कि सत्र के दौरान अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्देश दिए, विभाग अपनी तैयारियों को समय पर पूरा करें। कहा कि सत्र के दौरान सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। इसमें कोई कोताही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य सचिव आनन्द वर्धन, पुलिस महानिरीक्षक दीपम सेठ, गृह सचिव शैलेश बगोली, एडीजी लॉ एंड ऑर्डर वी. मुरुगेशन, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, आरएसओ लक्ष्मण सिंह, अपर कमिश्नर गढ़वाल वृत्तांत चौहान, एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल, एसपी इंटेलिजेंस नीरज कुमार मिश्रा, सीएमओ डॉ. मनोज कुमार शर्मा, निदेशक आईटीडीए भास्कर सिंह कुलाल, एसई जल संस्थान इंजीनियर राजीव सैनी, ईई पीडब्ल्यूडी पंकज बडोला, रिलायंस जियो चीफ कोऑर्डिनेटर रितेश पाण्डेय, ईई रायपुर वीरेन्द्र डोगरा, एडीएम केके मिश्रा, हेड आईटीबीपी रवि शंकर सिंह, विधानसभा सचिवालय से हेमचन्द्र पंत, प्रभारी सचिव, ललित जोशी आदि मौजूद रहे।



