Breaking: कांग्रेस के ‘खंडूड़ी’ भी भाजपा के हुए

BJP Uttarakhand Politics : लोकसभा चुनाव 2024 में गढ़वाल सीट पर कांग्रेस से टिकट के प्रबल दावेदार मनीष खंडूड़ी ने आज भाजपा ज्वाइन कर ली। एक दिन पहले उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर अपने इस्तीफे का ऐलान किया था। जिसके बाद से ही उनके बीजेपी में जाने की चर्चाएं थीं। अब मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी का पूरा परिवार भाजपा में आ चुका है।
शनिवार को भाजपा के महानगर कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद भट्ट ने जनरल खंडूड़ी के बेटे और मौजूदा स्पीकर ऋतु खंडूड़ी भूषण के भाई मनीष खंडूड़ी को पार्टी की सदस्यता दिलाई। मनीष वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट से गढ़वाल सीट पर चुनाव मैदान में उतरे थे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने मनीष खंडूड़ी के पार्टी में आने पर खुशी जाहिर की। कहा कि उनके मान सम्मान का पूरा ध्यान रखेंगे।
वहीं मनीष खंडूड़ी ने कहा कि मैं किसी निजी स्वार्थ के लिए भाजपा में नहीं आया हूं। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रभावित हूं। राज्य के विकास में उनका अहम योगदा है। कहा कि जहां छोड़कर आया हूं वहां भी अच्छे लोग हैं, लेकिन राज्य के विकास के लिए भाजपा ही सही प्लेटफार्म है।
इस मौके पर राष्ट्रीय महामंत्री व लोकसभा चुनाव प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत पार्टी के कई नेता मौजूद रहे।