देहरादून

Dehradun: डिजिटल विकास और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से गुरुवार को ’इंडिया डिजिटल एंपॉवरमेंट मीट एंड अवॉर्ड’ समारोह के आयोजकों ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान आगामी आयोजन से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं और डिजिटल भविष्य की रूपरेखा पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने आधुनिक तकनीक की महत्ता को रेखांकित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और साइंस जैसे विषयों पर विशेषज्ञों का संवाद अत्यंत आवश्यक है। विश्वास जताया कि इस कांफ्रेंस से निकलने वाले निष्कर्ष न केवल राज्य बल्कि पूरे देश के डिजिटल परिदृश्य को एक नई और सकारात्मक दिशा प्रदान करेंगे।

संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की विशिष्ट भौगोलिक और सामरिक स्थिति का जिक्र करते हुए इसे पर्यटन के लिहाज से बेहद समृद्ध बताया। उन्होंने बताया कि राज्य में हर साल 6 करोड़ से अधिक श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं, जो प्रदेश की अर्थव्यवस्था की मुख्य रीढ़ हैं।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विविधता के कारण फिल्म शूटिंग के लिए एक आदर्श डेस्टिनेशन बन चुका है। राज्य सरकार फिल्म उद्योग और औद्योगिक निवेश के अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए निरंतर नीतिगत प्रयास कर रही है, जिससे भविष्य में रोजगार और विकास के व्यापक अवसर पैदा होंगे।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड को एक प्रमुख ’वेडिंग डेस्टिनेशन’ के रूप में स्थापित करने की अपनी दूरदर्शी योजना पर भी प्रकाश डाला। कहा कि राज्य के सुरम्य वातावरण और उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं के कारण यहाँ डेस्टिनेशन वेडिंग की अपार संभावनाएं हैं। सरकार इस दिशा में आवश्यक बुनियादी ढांचे और सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ करने पर विशेष ध्यान दे रही है, ताकि उत्तराखंड वैश्विक मानचित्र पर एक आकर्षक केंद्र के रूप में अपनी पहचान बना सके।

मौके पर सचिव नितेश झा, अपर सचिव आलोक पांडे, एनटीटी ग्लोबल डाटा सेंटर के इंडिया हेड निमेश कुमार, अडाणी कनेक्स के कन्ट्री हेड कपिल चुघ, यात्ता डाटा सेंटर की वाइस प्रेजीडेंट सुज्योति माल्दे, नेटफॉर चाईस डाटा सेंटर के फाउण्डर समीर यादव आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button