परमवीर चक्र विजेता वीरों को मिलेंगे अब ₹2 करोड़
सीएम धामी ने शौर्य दिवस पर कारगिल शहीदों को किया नमन

देहरादून, 26 जुलाई। कारगिल विजय दिवस (शौर्य दिवस) पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परमवीर चक्र से सम्मानित वीरों के लिए अनुग्रह राशि डेढ़ करोड़ रुपये से बढ़ाकर ₹2 करोड़ करने की घोषणा की है।
रविवार को गांधी पार्क स्थित शहीद स्मारक पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पुष्पचक्र अर्पित कर कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कारगिल शहीदों के परिजनों को सम्मानित करते हुए उनके अद्वितीय त्याग, शौर्य और राष्ट्रसेवा को भी नमन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कारगिल विजय भारतीय सेना के अदम्य साहस, अद्वितीय पराक्रम और राष्ट्रभक्ति का अमर प्रतीक है। 18 हजार फीट से अधिक ऊंचाई पर अत्यंत विषम परिस्थितियों में भारतीय सैनिकों ने अद्वितीय वीरता, अटूट मनोबल और सर्वोच्च बलिदान का परिचय देते हुए दुश्मन को परास्त किया तथा विश्व के समक्ष भारत की सैन्य शक्ति और दृढ़ संकल्प का परिचय कराया।
उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध में देश के 527 वीर सैनिकों ने सर्वोच्च बलिदान दिया, जिनमें उत्तराखंड के 75 वीर सपूत भी शामिल थे। उत्तराखण्ड केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि वीरभूमि भी है। सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत की सुरक्षा नीति अधिक सशक्त, निर्णायक और आत्मविश्वास से परिपूर्ण हुई है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार वीर सैनिकों, पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के कल्याण के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। शहीदों के आश्रितों की अनुग्रह राशि ₹10 लाख से बढ़ाकर ₹50 लाख की गई है। वीरता पुरस्कार विजेताओं को एकमुश्त व वार्षिक सहायता राशि में भी ऐतिहासिक वृद्धि की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बलिदानी परिवारों के एक सदस्य के सरकारी सेवा में समायोजन के लिए आवेदन की समय सीमा दो से बढ़ाकर पांच वर्ष करना, शहीद परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए सहायता, वीरता पुरस्कार विजेताओं के लिए राज्य परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा, सेवारत व पूर्व सैनिकों को संपत्ति क्रय पर स्टाम्प शुल्क में छूट आदि की व्यवस्थाएं लागू की गई हैं। पूर्व सैनिकों की शस्त्र लाइसेंस प्रक्रिया को सरल बनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सेवामुक्त अग्निवीरों के लिए देश का पहला ’अग्निवीर रोजगार सेल’ गठित किया जा रहा है। साथ ही उत्तराखंड पुलिस, वन विभाग व अन्य राज्य सेवाओं में उन्हें प्राथमिकता देने, कौशल विकास प्रशिक्षण, स्वरोजगार, होमस्टे योजना और सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक मुन्ना सिंह चौहान, दायित्वधारी सुभाष बड़थ्वाल, सचिव सैनिक कल्याण युगल किशोर पंत, मेजर जनरल सम्मी सबरवाल (से.नि.), डीएम डॉ.आशीष चौहान, एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल आदि मौजूद रहे।



