उत्तराखंडरोजगार

Dehradun: मुख्यमंत्री ने 307 अभ्यर्थियों को सौंपे नियुक्ति पत्र

बोले- यह सिर्फ रोजगार का दस्तावेज नहीं, बल्कि सेवा का संकल्प पत्र

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को 307 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इनमें 243 चिकित्सा अधिकारी, 42 फार्मासिस्ट और उद्यान विभाग के 22 प्रयोगशाला सहायक व मशरूम पर्यवेक्षक शामिल हैं। सीएम ने कहा कि नियुक्ति पत्र केवल रोजगार का दस्तावेज नहीं, बल्कि प्रदेश की सवा करोड़ जनता की सेवा का संकल्प पत्र है।

मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि भौगोलिक दृष्टि से चुनौतीपूर्ण उत्तराखंड में स्वास्थ्यकर्मियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में संकट की घड़ी में जनता की पहली उम्मीद स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कर्मचारी ही होते हैं। उन्होंने नवनियुक्त अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों से संवेदनशीलता, समर्पण और सेवा भावना से कार्य करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। आयुष्मान योजना के तहत अब तक 62 लाख से अधिक कार्ड वितरित किए जा चुके हैं। करीब 12 लाख मरीजों का 2200 करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस उपचार हुआ है। राज्य में पांच मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जबकि दो निर्माणाधीन हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार कृषि और उद्यानिकी को भी बढ़ावा दे रही है। कीवी, ड्रैगन फ्रूट, हाई डेंसिटी एप्पल, मशरूम उत्पादन और मधुमक्खी पालन जैसी उच्च मूल्य फसलों के जरिए किसानों की आय बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। कहा कि प्रदेश में भर्ती प्रक्रियाएं पूरी पारदर्शिता से हो रही हैं। सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद पिछले साढ़े चार वर्षों में 32 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं।

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल, कृषि मंत्री गणेश जोशी, कैबिनेट मंत्री खजान दास, विधायक उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, मेयर सौरभ थपलियाल, सचिव सचिन कुर्वे, डॉ एसएन. पाण्डेय आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button