इलेक्ट्रिक स्कूटी से कार्यक्रमों में पहुंचे विधायक अग्रवाल

ऋषिकेश। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पेट्रोल-डीजल पर निर्भरता कम करने के आह्वान पर क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने बुधवार को इलेक्ट्रिक वाहन के उपयोग का संदेश दिया। उन्होंने अपने आवास से कैंप कार्यालय और अन्य कार्यक्रम स्थलों तक आने-जाने के लिए इलेक्ट्रिक व्हीकल का इस्तेमाल किया।
अग्रवाल ने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों का प्रयोग पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ देश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। बढ़ते प्रदूषण और बदलते वैश्विक हालात में सभी लोगों को वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों को अपनाना चाहिए।
उन्होंने आमजन से अपील की कि जहां संभव हो, निजी वाहनों का कम उपयोग करें। इलेक्ट्रिक वाहनों और सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता दें। इससे प्रदूषण कम होगा और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ व स्वस्थ वातावरण मिल सकेगा।



