पूर्व पीएम स्व. वाजपेयी और ‘गढ़वाली’ का भावपूर्ण स्मरण

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी और पेशावर विद्रोह के नायक वीर चंद्रसिंह गढ़वाली की जयंती पर उनका भावपूर्ण स्मरण किया।
मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सीएम धामी ने स्व. अटल बिहारी वाजपेयी और वीर चंद्रसिंह गढ़वाली के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। कहा कि भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी कुशल प्रशासक, राजनीतिज्ञ और लोकप्रिय जननेता थे। जिन्हें समाज के सभी वर्गों के लोग प्यार और आदर करते थे। उनके लिए राष्ट्रहित सर्वोपरि था। कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी उत्तराखंड राज्य के प्रणेता हैं। उन्होंने न केवल उत्तराखंड राज्य का निर्माण किया, बल्कि इसके विकास के लिए आधार भी तैयार किया।
वहीं सीएम धामी ने कहा कि वीर चन्द्रसिंह गढ़वाली ने देश की आजादी के लिये आन्दोलनरत निहत्थे लोगों पर गोली चलाने के आदेश को न मानकर महान देशभक्ति और साहस का परिचय दिया था। कहा कि भारत की आजादी के लिए ‘पेशावर कांड‘ एक महत्वपूर्ण पड़ाव था। भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के आंदोलन में यह घटना मील का पत्थर साबित हुई। जिसने भविष्य के लिए एक क्रांतिकारी आधार तैयार किया।