मुख्यमंत्री ने ₹24.38 करोड़ की योजनाओं को दी मंजूरी

देहरादून, 08 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विभिन्न जनपदों में पेयजल, सीवरेज, नदी पुनर्जीवन, प्रयोगशाला सुदृढ़ीकरण, धार्मिक व शैक्षिक संरचना से जुड़ी विकास योजनाओं के लिए कुल ₹24.389 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है।
हरिद्वार जनपद के भगवानपुर विधानसभा क्षेत्र में 200 हैंडपंपों के निर्माण के लिए ₹1.43 करोड़, रुड़की शहर की सीवरेज व्यवस्था के लिए ₹3.16 करोड़ और न्यू हरिद्वार मॉडल कॉलोनी व गोविन्दपुरी क्षेत्र में क्षतिग्रस्त पेयजल पाइपलाइन के प्रतिस्थापन के लिए ₹4.50 करोड़ मंजूर किए गए हैं।
गढ़वाल और कुमाऊं मंडल की जिलास्तरीय प्रयोगशालाओं में मानकों की जांच के लिए ऑटोमेटिक एनालाइज़र सिस्टम की खरीद के लिए ₹2.54 करोड़ की योजना को स्वीकृति प्रदान की गई है।
पर्यावरण संरक्षण व नदी पुनर्जीवन के तहत जनपद देहरादून में सौंग नदी की सहायक गडूल नदी के पुनर्जीवन व ट्रीटमेंट कार्य के लिए ₹6.02 करोड़, जबकि जनपद उत्तरकाशी की कमल गंगा नदी के पुनर्जीवन कार्य के लिए ₹4.17 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।
मुख्यमंत्री ने चंपावत विधानसभा क्षेत्र में ओखलढूंगा झील के सुरक्षात्मक कार्यों के लिए ₹74.38 लाख, उधमसिंह नगर के नानकमत्ता स्थित बंगाली कॉलोनी के नवनिर्मित दुर्गा मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए ₹56.51 लाख, अल्मोड़ा जनपद के सेराघाट स्थित मां मंगला भगवती माता मंदिर परिसर में धर्मशाला निर्माण के लिए ₹72.83 लाख की धनराशि भी मंजूर की है।
वहीं, हरिद्वार जनपद की न्याय पंचायत लालढांग अंतर्गत लाला ओम प्रकाश ज्ञानदीप कन्या इंटर कॉलेज की चहारदीवारी के निर्माण के लिए ₹53.18 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई है।



