
Lok Sabha Election 2024 : नई दिल्ली 16 मार्च 2024: लोकतंत्र के सबसे बड़े उत्सव लोकसभा चुनाव 2024 का शंखनाद हो चुका है। भारत निर्वाचन आयोग (Election Commission of India) ने आज देश में लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। इसके साथ ही आचार संहिता भी लागू हो गई है। देशभर में 19 अप्रैल से 7 चरणों में मतदान संपन्न होगा। 4 जून को लोकसभा चुनाव के नतीजे आ जाएंगे। उत्तराखंड में लोकसभा सीटों के लिए 19 अप्रैल को पहले चरण में मतदान कराया जाएगा।
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने शनिवार को लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों की घोषणा की। देश में इसबार भी सात चरणों में मतदान होंगे। लोकसभा चुनाव का परिणाम (Lok Sabha Election Result) 04 जून को घोषित किया जाएगा। बताया कि लोकसभा चुनाव के साथ चार राज्यों आंध्र प्रदेश, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश और ओडिशा में भी विधानसभा चुनाव कराए जाएंगे।
लोकसभा की 543 सीटों के लिए 19 अपै्रल को वोटिंग के साथ ही सात चरणों की शुरूआत हो जाएगी। 19 अप्रैल को पहले चरण में 102 सीटों, 26 अप्रैल को दूसरे चरण में 89 सीटों, 07 मई को तीसरे चरण में 94 सीटों, 13 मई को चौथे चरण में 96 सीटों, 20 मई को पांचवें चरण में 49 सीटों, 25 मई को छठे चरण में 57 सीटों और 01 जून को सातवें व अंतिम चरण में 57 सीटों के लिए मतदान होगा।
इसके साथ आंध्र प्रदेश की 175 विधानसभा सीटों के लिए 13 मई, अरुणाचल प्रदेश की 60 व सिक्किम की 32 विधानसभा सीटों के लिए 19 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा। जबकि ओडिशा में चार चरणों में विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग होगी। इसके अलावा इसी अवधि में विभिन्न राज्यों में 26 विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव भी होंगे।
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि हम भारतीय लोकतंत्र के सबसे बड़े उत्सव के लिए पूरी तरह तैयार हैं। बताया कि देश में 97 करोड़ मतदाता पंजीकृत हैं। जिनमें 49.7 करोड़ पुरुष, 47.1 करोड़ महिलाएं, 48 हजार ट्रांसजेंडर वोटर शामिल हैं। पहली बार वोटिंग करने वालों की संख्या 1.8 करोड़ है।
उन्होंने बताया कि देश भर के 10.5 लाख से अधिक मतदान केंद्रों में 55 लाख ईवीएम से वोटिंग कराई जाएगी। कहा कि मतदाता सूची में 85 साल से अधिक उम्र के 82 लाख और 100 साल से अधिक उम्र के 2.18 लाख मतदाता शामिल हैं। देशभर में मतदाता लिंगानुपात 948 है। 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में पुरुष की तुलना में महिला वोटर की संख्या ज्यादा है। कहा कि 85 वर्ष से अधिक उम्र के वोटर और दिव्यांगों के लिए घर से मतदान की सुविधा उपलब्ध होगी। देश में यह व्यवस्था पहली बार लागू होगी।
चीफ इलेक्टशन कमिश्नर राजीव कुमार ने कहा कि लोकसभा चुनाव लोकसभा चुनाव के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। सरहदों पर ड्रोन से निगरानी होगी।