उत्तराखंड

Uttarakhand: सीएम ने किया सेब उत्पादक काश्तकारों को सम्मानित

इंडो डच हार्टिकल्चर एवं कोका कोला इंडिया द्वारा कार्यक्रम आयोजित

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इंडो डच हार्टिकल्चर एवं कोका कोला इंडिया की ओर से आयोजित “संकल्प से परिवर्तन की ओर“ कार्यक्रम के दौरान सेब उत्पादन के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाले कृषकों को सम्मानित किया। उन्नति एप्पल योजना के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने के लिए इंडो डच हार्टिकल्चर एवं कोका कोला इंडिया द्वारा सहयोग दिया जा रहा है।

बुधवार को जीएमएस रोड स्थित वाडिया भू विज्ञान संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कोका कोला इंडिया और इंडो डच हॉर्टिकल्चर टेक्नोलॉजी ने जिस कार्य को पूरा करने का संकल्प लिया था, उसे सिद्धि तक पहुंचा रहे हैं। कहा कि सरकार राज्य में फल उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास कर रही है। नाबार्ड के सहयोग से 18 हजार पॉलीहाउस की स्थापना के लिए 280 करोड़ की स्वीकृति दी गई है। एप्पल मिशन के तहत 35 करोड़ की योजना को भी प्रारंभ किया गया है। राज्य में उच्च मूल्य वाली फसलों कीवी, ड्रैगन फ्रूट, स्ट्रॉबेरी आदि को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें प्राकृतिक खेती पर भी अधिक ध्यान देना होगा। हमें हम सेब की प्राकृतिक खेती द्वारा उत्तराखंड के सेब को देश दुनिया में विशिष्ट पहचान दिलाने पर भी फोकस करना होगा। ऐसा कर हम उत्तराखंड में सेब उत्पादन के क्षेत्र में नई क्रांति ला सकते हैं। कहा प्रदेश में उद्योगों के साथ ही बागवानी के विकास के लिए भी अनुकूल नीति बनाई जा रही है। आशा व्यक्त की कि कृषि और बागवानी विश्वविद्यालयों के वैज्ञानिक राज्य की भौगोलिक परिस्थिति के अनुकूल बागवानी विकास के लिए शोध व अनुसंधान पर विशेष ध्यान देंगे।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में एप्पल मिशन के साथ अधिक से अधिक किसानों को जोड़ा जा रहा है। जम्मू कश्मीर और हिमाचल के साथ उत्तराखंड की भी सेब उत्पादन में विशेष पहचान बने, इसके लिए गुणवत्ता व पैकिंग पर भी ध्यान दिया जा रहा है। कहा कि कोका कोला इंडिया और इंडो डच हॉर्टिकल्चर टेक्नोलॉजी के सहयोग से प्रदेश में “उन्नति एप्पल योजना“ के बड़े लाभकारी परिणाम सामने आए हैं। उनके द्वारा एक हज़ार बगीचों का कार्य पूरा किया गया है और लगभग 40 हजार लोगों को ट्रैनिग दी है। इससे राज्य में किसानों की आय में तेजी से वृद्धि हो रही है।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि उत्तराखंड में उद्यान के क्षेत्र में अनेक संभावनाएं हैं। राज्य सरकार द्वारा भी औद्यानिकी को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। किसानों के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। कहा कि योजनाओं को सफल बनाने में जनता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। सेब, कीवी, मौनपालन, मशरूम आदि के क्षेत्र में राज्य में काफी अच्छे कार्य हो रहे हैं।

मौके पर कोका कोला इंडिया की उपाध्यक्ष देवयानी राजलक्ष्मी राणा, निदेशक राजेश अयापिला, अशोक बेरी, सुधीर चड्ढ़ा समेत राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से आए कृषक मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button