संस्थान के तौर पर विकसित होगा सगंध पौधा केंद्रः धामी
सीएम ने सेलाकुई में किया सगंध फसल उत्कृष्टता केंद्र का लोकार्पण

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सेलाकुई में सगन्ध फसल उत्कृष्टता केंद्र का लोकार्पण किया। कहा कि सगंध पौधा केंद्र को एक संस्थान के तौर पर विकसित किया जाएगा। इस दौरान सीएम ने किसानों की आय में वृद्धि के लिए मिशन दालचीनी और मिशन टिमरू को शुरू करने की घोषणा भी की।
सेलाकुई स्थित सगन्ध पौधा केंद्र में कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि टिमरू और दालचीनी के उत्पादन को बढ़ावा मिलने से पर्वतीय क्षेत्रों में रोजगार के अवसर सृजित होंगे। कहा कि सगन्ध सेक्टर से मिल रहे लाभ के मद्देनजर सगन्ध पौधा केन्द्र को संस्थान के रूप में विकसित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में सगन्ध फसलें बेहतरीन नगदी फसल के रूप में स्थापित हो रही हैं। काश्तकारों को डिमांड के अनुरूप पौध उपलब्ध कराने के लिए ही इस केन्द्र की स्थापना की गई है। कहा कि राज्य में आर्थिकी और पर्यावरण के समन्वय स्थापित कर विकास पर ध्यान दिया जा रहा है। हर क्षेत्र में अच्छे परिणाम मिल रहे हैं।
मौके पर कृषि मंत्री गणेश जोशी, विधायक सहदेव पुंडीर, मुन्ना सिंह चौहान, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष आशा नौटियाल, पौधा केन्द्र के निदेशक डॉ.. नृपेन्द्र चौहान, महानिदेशक यूकॉस्ट प्रो. दुर्गेश पंत आदि मौजूद थे।