मुनिकीरेती: पालिका ने घरों से कपड़े और ई-कचरा किया एकत्र

ऋषिकेश। स्वच्छ दीपावली शुभ दीपावली कार्यक्रम के अंतर्गत नगरपालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला ने निकाय क्षेत्र के घरों से 105 किलो टेक्सटाइल वेस्ट (कपड़े) और ई-वेस्ट का संग्रहण किया। टेक्सटाइल वेस्ट को निकाय के आरआरआर सेंटर और ई-वेस्ट को निस्तारण के लिए अपशिष्ट केंद्र में भेजा गया।
निकाय प्रशासक देवेंद्र सिंह नेगी और अधिशासी अधिकारी अंकिता जोशी के निर्देश पर सोमवार को नगर पालिका की टीम ने वार्ड 10 और 11 के घरों में टेक्सटाइल वेस्ट और ई-वेस्ट का संग्रहण किया। निकाय के ई-वेस्ट वाहन के माध्यम से मुनादी कर क्षेत्र को लोगों को टेक्सटाइल वेस्ट और ई-वेस्ट देने की अपील की गई।
इस दौरान निकाय की टीम ने कुल 105 किलोग्राम वेस्ट (100 किलोग्राम टेक्सटाइल वेस्ट और 05 किलोग्राम ई-वेस्ट ) एकत्र किया। सफाई निरीक्षक मनोज बिष्ट ने लोगों से टेक्सटाइल और ई-वेस्ट निकाय के वाहन में डालने की अपील की। मौके पर सुपरवाइजर जितेंद्र सिंह सजवाण, सदस्य स्वच्छ सर्वेक्षण सदस्य प्रज्जवल शर्मा, मनीष भट्ट, अंकित जगूड़ी आदि मौजूद रहे।