SDRF ने होटल स्टाफ को दी आपदा प्रबंधन की ट्रेनिंग

ऋषिकेश, 25 अगस्त। आपदा प्रबंधन और जनजागरूकता को लेकर एसडीआरएफ ने तपोवन स्थित लेमन ट्री होटल के कार्मिकों को आपदाओं से निपटने के लिए जरूरी सावधानी, तैयारियों और सुरक्षित निकासी की जानकारी दी।
एसडीआरएफ के उपनिरीक्षक सुरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में आयोजित प्रशिक्षण में आग लगने, भूकंप, बाढ़ और अन्य आपात स्थितियों में प्राथमिक सुरक्षा उपायों और संसाधनों के उपयोग के बारे में बताया गया।
कर्मचारियों को आपदा के समय घबराने के बजाए त्वरित, संयमित व व्यवस्थित कार्रवाई करते हुए सुरक्षित स्थान तक पहुंचने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही प्रारंभिक सहायता और सुरक्षित निकासी के तौर-तरीकों का प्रशिक्षण भी दिया गया।
प्रशिक्षण में होटल के 40 कार्मिकों ने प्रतिभाग किया। मौके पर मैनेजर अमित कुमार, सिक्योरिटी इंचार्ज भूपाल सिंह, एचआर सुनील कुमार, मोहर, सतपाल के अलावा एसडीआरएफ से हेड कांस्टेबल अर्जुन पंवार, फायरमैन सुमित नेगी, पीएम अमित कुमार आदि मौजूद रहे।



