
चमोली गढ़वाल। राजकीय इंटर कॉलेज मेलखेत देवाल में गणित के अध्यापक भूपेंद्र सिंह पाल को नई दिल्ली में देवभूमि लोक सम्मान 2023 से नवाजा गया। उन्हें यह सम्मान विद्यालय और छात्रों के हितों में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए दिया गया।
नई दिल्ली स्थित मंडी हाउस एलटीजी ऑडिटोरियम में हिमाद्री फिल्म की ओर से आयोजित सम्मान कार्यक्रम में संस्था द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में अहम योगदान के लिए कई शख्सियतों को देवभूमि लोक सम्मान 2023 से नवाजा गया। इनमें एक नाम जनपद चमोली के दूरस्थ विद्यालय राजकीय इंटर कॉलेज मेलखेत देवाल में गणित के शिक्षक भूपेंद्र सिंह पाल का भी है। भूपेंद्र पिछले 12 वर्षों से इस दुर्गम क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि एशियन स्कूल ऑफ एकेडमी के संस्थापक श्रीश्री 1008 हिमालयन पीठाधीश्वर वीरेंद्र नंद महाराज ने भूपेंद्र सिंह पाल और अन्य चयनित लोगों को यह सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर युवा गायक दर्शन और राकेश बाबू ने टीम के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की छटा बिखेरी गई।
मौके पर हिमाद्री फिल्म के निर्माता प्रकाश मिश्रा और निलमा मिश्रा ने सभी सम्मानित व्यक्तियों का समाज, राज्य और देश के हित में आगे भी उल्लेखनीय कार्यों को करते रहने का आह्वान किया। उन्होंने सभी को बधाई के साथ ही भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।