Guldar Attacks: रुद्रप्रयाग। बसुकेदार तहसील की ग्रामसभा बष्टा में गुलदार ने एक आठ वर्षीय मासूम को दिनदहाड़े निवाला बना लिया। बच्चा अपने भाई के साथ प्राकृतिक जलस्रोत पर नहा रहा था। घटना के बाद गांव में दहशत है।
जनकारी के मुताबिक दोहपर करीब डेढ़ बजे आठ वर्षीय मासूम आरूष पुत्र मनमोहन सिंह अपने छोटे भाई के साथ गांव के प्राकृतिक जलस्रोत पर नहा रहा था कि तभी आसपास मौजूद गुलदार ने उसपर हमला बोल दिया। गुलदार बच्चे को घसीट कर साथ ले गया। इसबीच आरूष का छोटा भाई ने घर पहुंच कर परिजनों को सूचना दी।
बच्चे की सूचना पर ग्रामीण तत्काल मासूम की तलाश को मौके पर पहुंचे। उन्हें बच्चा जलस्रोत से कुछ दूरी पर मिला। लेकिन तब तक आरूष की मृत्यु हो गई थी। इसबीच ग्रामीणों ने हादसे की सूचना राजस्व उपनिरीक्षक, तहसीलदार, एसडीएम और वन विभाग को दी। बताया जा रहा है कि घटना के तीन घंटे बाद भी वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची थी, जिसके चलते ग्रामीणों में रोष फैल गया।
स्थानीय लोगों ने इस घटना को लेकर वन विभाग और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना था कि 9 जुलाई को रायड़ी गांव में भी गुलदार देखा गया था, तब उसने एक बंदर को अपना शिकार बनाया। ग्रामीणों ने तब वन विभाग और प्रशासन को सूचना दी थी। लेकिन किसी ने सुध नहीं ली। ग्रामीणों ने गुलदार को पकड़ने की मांग की है।