करवा चौथ के दिन धरने पर बैठी व्रती महिलाएं
बेदखली के नोटिसों से गुस्से में कृष्णानगर कालोनी के वाशिंदे

• कांग्रेस नेता जयेंद्र रमोला ने दिया आंदोलन को अपना समर्थन
ऋषिकेश (शिखर हिमालय)। जब आज के दिन सुहागिन महिलाएं करवा चौथ का पर्व मनाने को तैयार हो रही थी, तब आईडीपीएल स्थित कृष्णानगर कालोनी की महिलाएं अपने आशियाने को बचाने के लिए धरना प्रदर्शन करने को मजबूर रही। सरकार से उनकी मांग है कि क्षेत्रवासियों को आए बेदखली के नोटिस को रद्द करें और इस क्षेत्र को नगर निगम ऋषिकेश में मर्ज किया जाए। इसबीच कांग्रेस नेता जयेंद्र रमोला ने उनके बीच पहुंचकर आंदोलन को अपना समर्थन भी दिया।
आवासीय कल्याण समिति आईडीपीएल द्वारा रविवार को आईडीपीएल स्थित राम मंदिर बाजार में करवा चौथ के दिन स्थानीय व्रती महिलाओं ने प्रबंधन के खिलाफ सांकेतिक धरना दिया। मौके पर एआईसीसी सदस्य जयेन्द्र रमोला ने कहा कि आज जहां पूरे देश में मातृशक्ति करवाचौथ का पर्व मना रही है, तब इस क्षेत्र की महिलाएं अपने घरों को बचाने के लिए आंदोलन को मजबूर हैं। बावजूद इसके उनकी सुध नहीं ली जा रही है। कहा कि अब वे जनप्रतिनिधि भी गायब हैं, जो कृष्णानगर कालोनी वासियों के हितों की दुहाई दे रहे थे। इस दौरान रमोला ने स्थानीय नागरिकों के आंदोलन को खुला समर्थन देने का ऐलान भी किया।
समिति अध्यक्ष रामेश्वरी चौहान और सचिव सुनील कुटलैहडिया ने कहा कि चाहे जो हो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। चेताया कि हमे नगर निगम में शामिल करने की बजाए बेघर करने का प्रयास हुआ तो इसका परिणाम चुनाव में दिया जाएगा।
धरने में सारिका कुटलैहडिया, नंदनी भंडारी, कल्पना चौहान, संगीता उनियाल, मंजू रावत, सारिका सिंह, पूजा, सरोज, अनिता, सुधा, कुसुम थापा, उर्मिला, आदित्य, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष दीपक गौनियाल, वैभव, नीलम चंदानी, मौली कर्माकर, सूरज कुकरेती, सुमित्रा बिष्ट आदि शामिल थे।