
ऋषिकेश। थाना लक्ष्मणझूला क्षेत्रांतर्गत डबल ट्रिपल बीच के पास बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। घूमने आए चार दोस्तों में से दो युवक नदी किनारे फोटो खींचते समय गंगा के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। साथ में मौजूद अन्य दोस्तों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों युवक नदी में डूबकर लापता हो गए।
जानकारी के अनुसार हादसे की सूचना मिलने पर एसडीआरएफ टीम ने गुरुवार सुबह से डीप डाइवरों और विशेष रेस्क्यू उपकरणों की सहायता से सर्च अभियान शुरू किया। टीम लगातार लापता युवकों की तलाश में जुटी हुई है।
गंगा में डूबे युवकों की पहचान मोहम्मद फैज़ान (25) पुत्र अली अब्बास और मोहम्मद कैफ (19) पुत्र नसीम अख्तर के रूप में हुई है। सभी युवक उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के नौगावां सादात क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
एसडीआरएफ के अनुसार घटनास्थल पूर्णतः प्रतिबंधित घाट क्षेत्र है। दल ने लोगों से प्रतिबंधित घाटों और असुरक्षित जगहों पर सावधानी बरतने की अपील की है।



