Rishikesh: वीकेंड पर एसडीआरएफ के जवान रहे अलर्ट

ऋषिकेश, 13 जून। वीकेंड पर ऋषिकेश और मुनिकीरेती क्षेत्र स्थित त्रिवेणीघाट, नीमबीच और अन्य जगहों पर पर्यटकों की भारी भीड़ दिखी। जिसके मद्देनजर एसडीआरएफ के जवानों ने संवेदनशील गंगातटों पर लगातार निगरानी के साथ ही लोगों को सतर्क भी किया।
एसडीआरएफ के इंस्पेक्टर कविंद्र सजवाण ने बताया कि जवानों ने पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी परिस्थिति में गंगा नदी के भीतर न जाएं। साथ ही सुरक्षा संबंधी निर्देशों का कड़ाई से पालन करें।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में लगातार बरसात के चलते गंगा का जलस्तर तेजी से घट-बढ़ रहा है। जिससे नदी का बहाव अचानक तेज हो सकता है और हादसों की आशंका बढ़ सकती है।
एसडीआरएफ ने आमजन से सहयोग के साथ ही सुरक्षित स्थानों पर रहने और प्रशासन के दिशानिर्देशों का पालन करने की अपील की है। ताकि संभावित दुर्घटनाओं से बचा जा सके।



