Uncategorized

मानसून और नीलकंठ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट

आपदा की तैयारियों को लेकर प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने की समीक्षा

पौड़ी, 13 जून। कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने शनिवार को सर्किट हाउस में जनपद की आपदा प्रबंधन तैयारियों, मानसून व्यवस्था और नीलकंठ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की।

बैठक में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बताया कि जनपद में आपदा प्रबंधन से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। संवेदनशील गांवों और जोखिम वाले क्षेत्रों की पहचान कर ली गई है। राहत एवं पुनर्वास केंद्रों के लिए भवन भी निर्धारित किए जा चुके हैं। भू-स्खलन संभावित क्षेत्रों का सर्वेक्षण कर लैंडस्लाइड जोन चिन्हित किए गए हैं।

प्रभारी मंत्री कौशिक ने निर्देश दिए कि जनहानि और संपत्ति नुकसान की आशंका वाले सभी स्थानों की लगातार निगरानी की जाए। मानसून के दौरान जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। विभाग आपसी समन्वय के साथ अलर्ट मोड में कार्य करें, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

बैठक में आगामी नीलकंठ यात्रा की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने पेयजल, शौचालय, सड़क मरम्मत, पार्किंग और प्रकाश व्यवस्था सहित मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। डीएम ने बताया कि स्थलीय निरीक्षण के आधार पर आवश्यक प्रस्ताव जिला योजना में शामिल किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा के लिए संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए गए हैं।

डीएम ने बताया कि नगर निकाय क्षेत्रों में वर्षाकाल से पूर्व नालियों की सफाई, मरम्मत और जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है।

बैठक में जिपं अध्यक्ष रचना बुटोला, विधायक राजकुमार पोरी, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी, सीडीओ अशोक कुमार जोशी, एडीएम एफआर चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, सीएमओ डॉ. शिवमोहन शुल्क, अधीक्षण अभियंता जल निगम मो. मिशम, अधिशासी अभियंता लोनिवि विवेक सेमवाल, अधिशासी अभियंता जल संस्थान टीएस रावत, जिला पंचायत राज अधिकारी जितेंद्र कुमार, मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी दीपेश काला, जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा, जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भंडारी, एएमए जिला पंचायत संजय खंडूरी आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button