पुलिस की तत्परता से बची एक शख्स की जिंदगी
रानीपोखरी के जंगल में कर रहा था पेड़ से लटककर आत्महत्या का प्रयास
रायवाला। पुलिस व एसओजी की तत्परता से एक व्यक्ति की जिंदगी बच गई। यह शख्स आत्महत्या करने घर से निकला था। पुलिस ने उसे सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
थानाध्यक्ष रायवाला भुवन चंद्र पुजारी के अनुसार रविवार को स्थानीय निवासी संजय कुमार बर्त्वाल ने थाना आकर बताया कि उसका भाई ललित मोहन करीब 11.00 बजे घर से बगैर बताए कहीं चला गया है। जो कि फाइनेंस कंपनी के कर्जो के चलते बहुत परेशान है। भाई आत्महत्या भी कर सकता है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेकर उस शख्स का मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रैस कराई। उसकी लोकेशन रायवाला से 38 किमी दूर रानीपोखरी क्षेत्र में नरेन्द्रनगर मार्ग के आसपास मिली। जिसकी सूचना तत्काल थानाध्यक्ष रानीपोखरी शिशुपाल सिंह राणा को दी गई।
रानीपोखरी पुलिस ने टै्रस लोकेशन के आधार पर मौके पर पहुंची। तब एक शख्स पेड़ पर रस्सी का फंदा डाल कर आत्महत्या का प्रयास कर रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे रोक कर कब्जे में लिया। जिसके बाद उसे रायवाला पुलिस के सुपुर्द किया गया।
पूछताछ में उसने बताया कि वह नित्यंता निधि फाइनेंस कंपनी में एडवाइजर है। कंपनी पर 30 से 35 लाख का कर्ज होने के कारण लोगों द्वारा बार-बार अपने पैसे वापस करने हेतु तकाजा किया जा रहा था। जिससे परेशान होकर वह आत्महत्या करने के लिये घर से निकला था।
पुलिस ने उसे समझा बुझाकर परिजनों के सुपुर्द किया। परिजनों ने पुलिस का आभार जताया। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष भुवन चंद पुजारी, एसआई नीरज त्यागी, कॉस्टेबल नवनीत नेगी, कांस्टेबल दिनेश महर, कुलदीप सिंह शामिल थे।