नगर निगम ऋषिकेश को मिला सिल्वर स्कॉच अवार्ड

ऋषिकेश, 20 जून। नगर निगम को सस्टेनेबल योगनगरी श्रेणी में सिल्वर स्कॉच अवार्ड मिला है। निगम को यह सम्मान स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और नागरिक सुविधाओं के लिए दिया गया है।
नई दिल्ली स्थित पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री में आयोजित 108वें स्कॉच अवार्ड समिट में तत्कालीन नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने यह सम्मान हासिल किया। नगर निगम ऋषिकेश को यह सम्मान लेगेसी वेस्ट रिमेडिएशन, वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना एवं संचालन, स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण, 100 प्रतिशत डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण और त्रिवेणी घाट व आस्था पथ की नियमित सफाई व्यवस्था आदि कार्यों के लिए मिला है।
इसके अलावा सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध अभियान, गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट्स के सौंदर्यीकरण, ईवी चार्जिंग स्टेशनों के निर्माण, विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रमों तथा राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित “कचरामैन” जैसी जनजागरूकता गतिविधियों को भी राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया।
तत्कालीन नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने इस उपलब्धि का श्रेय महापौर शंभू पासवान, पार्षद, नगर निगम की टीम और जागरूक नागरिकों को दिया है।



