
शिखर हिमालय डेस्क
ऋषिकेश। पूर्वांचल समाज का महापर्व छठ पूजा को लेकर ऋषिकेश में तैयारियां शुरू हो गई है। सार्वजनिक छठ पूजा समिति ने इस बार आयोजन के लिए तय कार्यकारिणी की जिम्मेदारी एकाबर फिर से रामकृपाल गौतम को सौंपी है। बताया कि इस वर्ष महामाई छठ का पर्व कोविड गाइडलाइन का अनुपालन करते हुए मनाया जाएगा।
हरिद्वार मार्ग स्थित भगवान आश्रम में समिति की तैयारी बैठक जवाहरलाल त्रिपाठी की अध्यक्षता में हुई। सबसे पहले नई कार्यकारिणी का चयन किया गया। अध्यक्ष रामकृपाल गौतम ने कहा कि छठ पूजा पर्व में बीते वर्षों की भांति ही उम्मीद है कि समाज, पुलिस और प्रशासन का सहयोग मिलता रहेगा। बताया कि इसवर्ष कोविड-19 की गाइडलाइन के अनुरूप ही छठ पर्व भव्यता के साथ मनाया जाएगा।
व्यापार प्रतिनिधि मंडल अध्यक्ष ललित मोहन मिश्रा ने कहा कि महामाई छठ का पर्व पूर्वांचल समाज की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। पर्व में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाता है। जवाहरलाल त्रिपाठी ने कहा कि कार्तिक माह की शुक्लपक्ष षष्ठी को मनाए जाने वाले इस पर्व का पूर्वांचल के लोगों में बहुत महत्व है।
प्रमोद कुमार शर्मा ने कहा कि महामारी का डर अभी भी बना हुआ है, लिहाजा, इसबार भव्यता के साथ हमें अपनी सुरक्षा का भी ध्यान रखना होगा। सांसद प्रतिनिधि राजपाल ठाकुर ने कहा कि छठ पूजा के दौरान व्रतियों के लिए समुचित व्यवस्था करनी होगी।
मौके पर दीनदयाल राजभर, संजय भारद्वाज, गोरखनाथ राजभर, डॉ. राजाराम राजभर, राजू साहनी, हरिंदर राजभर, ऋषि जयसवाल, सोनू गुप्ता, सतीश राजभर, अनूप गुप्ता, जितेंद्र प्रसाद, अवधेश कुमार आदि मौजूद रहे। संचालन गिरीश राजभर और जयप्रकाश ने किया।
आठ नवंबर से महापर्व
आठ नवंबर को चतुर्थी तिथि के दिन नहाय खाय की परंपरा के साथ छठ पर्व की शुरूआत होगी। 9 नवंबर पंचमी को खरना, 10 नवंबर को अस्ताचल भगवान सूर्य को अर्घ्य और 11 नवंबर की सुबह सूर्यादय पर अर्घ्य के साथ पर्व का विधिवत समापन होगा। ऋषिकेश में छठ पर्व का आयोजन बीते सालों की तरह इसबार भी त्रिवेणीघाट पर होगा।
छठ पूजा समिति की कार्यकारिणी
इसवर्ष के लिए सार्वजनिक छठ पूजा समिति की बैठक में पूर्व सभासद रामकृपाल गौतम को अध्यक्ष, जयप्रकाश ठेकेदार को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, मुसाफिर साहनी को उपाध्यक्ष, परमेश्वर राजभर को महामंत्री, वीर बहादुर राजभर को कोषाध्यक्ष और नागेंद्र सिंह को कार्यक्रम संयोजक चुना गया।