ऋषिकेशः वेंडिंग कार्ट के दुरुपयोग पर होगा आवंटन रद्दः पासवान

ऋषिकेश, 24 अगस्त। टाउन वेंडिंग कमेटी की बैठक में शहर में वेंडिंग व्यवस्था को प्रभावी बनाने, स्ट्रीट वेंडरों के नियमन, वेंडिंग जोन के सुचारु संचालन और कुंभ के दृष्टिगत स्वच्छता, यातायात और व्यवस्थाओं पर चर्चा हुई।
सोमवार को नगर निगम के महापौर कार्यालय में आयोजित बैठक में मेयर शंभू पासवान ने वेंडिंग कार्ट का लाभ केवल वास्तविक, पात्र व जरूरतमंद स्ट्रीट वेंडरों को देने के निर्देश दिए। किसी वेंडर द्वारा आवंटित कार्ट किसी अन्य व्यक्ति को बेचने अथवा हस्तांतरित करने का मामला सामने आया, तो संबंधित वेंडर का आवंटन तत्काल निरस्त करने के साथ भविष्य में उसे कार्ट आवंटित नहीं किया जाएगा।
बैठक में निर्णय लिया गया कि कोई भी वेंडर अपना ठेला कार्य समाप्त होने के बाद सड़क पर छोड़कर या सड़क किनारे बांधकर नहीं रखेगा। इससे यातायात बाधित होने अथवा सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण की स्थिति उत्पन्न होने पर संबंधित वेंडर के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, बिना वैध ट्रेड लाइसेंस के किसी भी वेंडर को व्यवसाय करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
बैठक में महिला स्वयं सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देने पर भी सहमति बनी। समूहों को वेंडिंग कार्ट के संचालन में सहयोग व प्राथमिकता प्रदान करने पर विचार किया गया, ताकि स्थानीय महिलाओं को स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।
कुंभ मेले को देखते हुए नगर की स्वच्छता, सुंदरता, यातायात व सार्वजनिक व्यवस्थाओं को बनाए रखने के लिए सभी वेंडरों से नगर निगम व प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई। बैठक में ठेले के लिए ₹20 प्रतिदिन और वेंडिंग कार्ट के लिए ₹50 प्रतिदिन शुल्क भी निर्धारित किया गया।
बैठक में नगर आयुक्त विजय नाथ शुक्ल, सहायक नगर आयुक्त चन्द्रकान्त भट्ट, अधिशासी अभियंता अनिल नेगी, सिटी मिशन मैनेजर वरुण मल्होत्रा, यातायात निरीक्षक प्रदीप कुमार, कर निरीक्षक यशवीर सिंह, नामित चिकित्सा प्रतिनिधि बी. पी. भट्ट, सुलोचना धपलियाल, ज्योति डे, मोनिका मित्तल, रजनी, सुनीता, रश्मि, देवादित्य, दीपा विजाला, हेमलता चौहान, अनीता रावत, मधु पुरोहित, कविता, मंजू, उषा देवी, शैलेंद्र गुप्ता, ज्ञान प्रकाश, गुड्डू गुप्ता, सुनील कुमार, कुन्दन कुमार, राजेश कुमार शर्मा आदि मौजूद रहे।



