
ऋषिकेश। आयुष्मान योजना के नए पोर्टल में तकनीकी खराबी के कारण मरीजों के पंजीकरण की समस्या जल्छ ही दूर कर ली जाएगी। इस मामले में एम्स प्रशासन ने राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण को जानकारी दे दी गई है।
एम्स के जनसंपर्क अधिकारी संदीप कुमार सिंह ने बताया कि 21 फरवरी से आयुष्मान पोर्टल का नया वर्जन लॉन्च होने के बाद से आयुष्मान कार्ड धारक मरीजों का तत्काल पंजीकरण नहीं हो पा रहा है। बताया कि समस्या एम्स समेत राज्यभर के अन्य अस्पतालों और सीएससी सेन्टरों में भी बनी हुई है।
उन्होंने बताया इसके कारण कुछ मरीजों के कार्ड संबंधित पोर्टल से लिंक हो रहे हैं, जबकि कुछ के नहीं हो पा रहे हैं। बताया कि पोर्टल में तकनीकी खराबी का यह मामला राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण स्तर का है। राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण के माध्यम से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।
पीआरओ ने बताया कि राज्य के आयुष्मान योजना के नोडल अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर शिकायतों का निपटारा किया जा रहा है। उम्मीद है कि जल्द ही समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील की है।
अन्य राज्यों में भी यह समस्या
आयुष्मान पोर्टल नहीं चलने की समस्या उत्तराखंड ही नहीं पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में भी है। राज्य में ’आयुष्मान स्वास्थ्य योजना’ के अपर निदेशक अतुल जोशी ने बताया कि 20 फरवरी की मध्यरात्रि के बाद राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण द्वारा उत्तराखंड सहित कुछ अन्य राज्यों में आयुष्मान का नया पोर्टल (टी.एम.एस. 2.0) लांच किया गया था। लेकिन कुछ तकनीकी दिक्कतों के कारण पोर्टल सुचारू कार्य नहीं कर पा रहा है।
यह आ रही है दिक्कत
नए पोर्टल से आयुष्मान मरीजों का पंजीकरण, क्लेम सबमिट प्रक्रिया, ओटीपी का समय पर नहीं आना, पेज सर्च प्रक्रिया और संबंधित बीमारी का पैकेज लिंक करने संबंधी दिक्कतें पैदा हो रही हैं। जोशी ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण ने समस्या का संज्ञान लिया है। पोर्टल के अपडेट वर्जन में आई दिक्कतें दूर करने के प्रयास जारी हैं। जल्दी ही समस्या दूर कर ली जाएगी।