नाबालिग बेटी के शारीरिक शोषण के आरोप में पिता गिरफ्तार

रायवाला। नाबालिग बेटी के शारीरिक शोषण के आरोप में पुलिस ने पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बताया कि आरोपी इससे पूर्व पत्नी को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप मे सजा काट चुका है।
थानाध्यक्ष भुवन चंद्र पुजारी ने बताया कि वृहस्पतिवार को पीड़िता की बहन द्वारा एक तहरीर दी गई थी। जिसमें बताया गया है कि वह पिता, नाबालिग बहन और भाई के साथ रहती है। उसके पिता नाबालिग बहन और भाई को परेशान करते हैं। यही नहीं वह नाबालिग बहन को गंदा स्पर्श करते हैं। विरोध करने पर पिता जान से मारने की धमकी भी देते हैं। जिसके चलते उनकी जान का खतरा बना हुआ है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। जिसके बाद वादी और नाबालिग भाई-बहन के बयानों के आधार पर पिता को गिरफ्तार किया गया है।
थानाध्यक्ष पुजारी ने बताया कि आरोपी पिता पहले भी अपनी पत्नी को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप मे जेल की सजा काट चुका है।