Pauri: संगलाकोटी गांव तक मोटर मार्ग निर्माण का शिलान्यास

एकेश्वर (पौड़ी)। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने चौबट्टाखाल विस क्षेत्र के विकासखंड एकेश्वर में 73.16 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित तिलखोली मोटर मार्ग के संगलाकोटी बैंड से संगलाकोटी गांव तक स्टेज-2 के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। यह कार्य राज्य योजना के तहत कराया जाएगा।
सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि ग्रामसभा की मांग पर तीन वर्ष पूर्व इस मोटर मार्ग के प्रथम चरण को स्वीकृति दी गई थी। इसके बाद दूसरे वर्ष स्टेज-1 का कार्य पूरा हुआ और अब तीसरे वर्ष में स्टेज-2 के निर्माण को मंजूरी दी गई है। इस चरण में स्कबर, नालियां और पुस्तों का निर्माण कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सतपुली-रीठाखाल-संगलाकोटी-पोखड़ा मोटर मार्ग की स्थिति में सुधार किया गया है। संगलाकोटी-भेड़गांव-बड़ेत और कोलाबिजोरा पानी क्षेत्र में सड़क निर्माण की समस्या का समाधान करते हुए रिंग रोड का निर्माण कराया गया।
मंत्री ने बताया कि संगलाकोटी बाजार से कमलपुर इंटर कॉलेज तक मोटर मार्ग का निर्माण भी पूरा किया गया है। इसके अलावा आपदा से प्रभावित संगलाकोटी बाजार में नाली निर्माण, सड़क टाइल्स लगाने और मलबा हटाने का कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश नैथाण, जिपंस बलवंत सिंह, हरीश पोखरियाल, पार्वती देवी, सुनील रावत, सुयश रावत, बीडीसी सुभाष जोशी, भगवान सिंह, अनिल, शैलेंद्र, महेन्द्र सिंह, शोभा राम, उमेश पोखरियाल, सोवन सिंह आदि मोजूद रहे।



