सियासतहरिद्वार

एक राष्ट्र-एक चुनाव देशहित में जरूरी : शिवराज

संत समाज से जनजागरण का आह्वान, सीएम धामी ने किया समर्थन

हरिद्वार, 23 अगस्त। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बार-बार होने वाले चुनाव देश की प्रगति में बाधक हैं। ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ देशहित में आवश्यक है। उन्होंने संत समाज से इस संवैधानिक बदलाव को लेकर जनजागरण का आह्वान किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इस पहल का समर्थन किया।

चौहान ने यह बात प्राचीन अवधूत मंडल आश्रम में आयोजित संत समागम में कही। कहा कि लगातार चुनावों से स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित होती है, प्रशासनिक मशीनरी चुनाव तैयारियों में लग जाती है और विकास कार्यों की गति धीमी पड़ती है। लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ होने से संसाधनों और समय की बचत होगी। साथ ही प्रशासन का ध्यान विकास कार्यों पर केंद्रित रहेगा।

उन्होंने ‘वंदे मातरम’ के पूर्ण स्वरूप के समर्थन की अपील करते हुए कहा कि यह देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है, किसी दल या समुदाय का नहीं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ राजनीतिक नहीं, बल्कि राष्ट्रहित, सुशासन, जनकल्याण और संसाधनों के बेहतर उपयोग से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि निरंतर चुनावी प्रक्रिया का असर शासन और विकास कार्यों पर पड़ता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत-2047 के संकल्प को पूरा करने के लिए विकास की निरंतर गति जरूरी है। उन्होंने संतों से इस विषय पर समाज का मार्गदर्शन करने का आग्रह किया, कहा कि लोकतंत्र मजबूत हो, विकास निरंतर हो, संस्कृति सुरक्षित रहे और राष्ट्र सर्वोपरि रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button