सियासतहरिद्वार

स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा मोदी का कार्यकालः महाराज

12 वर्षों में उत्तराखंड को भी मिली विकास योजनाओं की नई गति

हरिद्वार, 15 जून। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री एवं हरिद्वार के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उत्तराखंड भी इस परिवर्तन का सशक्त उदाहरण बनकर उभरा है।

मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों और उत्तराखंड में चल रही विकास परियोजनाओं की जानकारी दी। कहा कि उत्तराखंड में केंद्र के सहयोग से दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है।

चारधाम ऑल वेदर रोड, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना राज्य की कनेक्टिविटी को नई मजबूती दे रही हैं। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 11 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। उड़ान योजना के अंतर्गत राज्य में हेली सेवाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। कई नए हेलीपोर्ट विकसित किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि केदारनाथ और बदरीनाथ धाम के पुनर्विकास, सोनप्रयाग-केदारनाथ और गोविंदघाट-हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाओं से पर्यटन और तीर्थाटन को नई दिशा मिलेगी। साथ ही जमरानी, सौंग और लखवाड़ जैसी बहुउद्देशीय परियोजनाओं पर भी तेजी से काम चल रहा है।

महाराज ने बताया कि हरिद्वार जनपद में सड़क, खेल, पेयजल, आवास, स्वास्थ्य और किसान कल्याण से जुड़ी अनेक योजनाएं प्रभावी रूप से संचालित हो रही हैं। कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं से लाखों लोगों को लाभ मिला है। विश्वास जताया कि विकसित भारत के संकल्प के साथ उत्तराखंड भी विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।

मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, दायित्वधारी राज्यमंत्री जयपाल सिंह चौहान, जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, धर्मेंद्र चौहान, युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रम भुल्लर, मनोज गौतम आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button