शक्तिफार्म में पुल का शिलान्यास, 50 हजार लोगों को मिलेगा लाभ
सीएम बोले- सड़क, स्वास्थ्य और औद्योगिक परियोजनाओं पर विशेष फोकस

सितारगंज। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को शक्तिफार्म को सिडकुल क्षेत्र से जोड़ने के लिए सिसौना नदी पर लगभग 11.41 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 150 मीटर स्पान पुल का शिलान्यास किया। कहा कि पुल निर्माण से क्षेत्र के करीब 50 हजार लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही सिडकुल सितारगंज और विकासखंड कार्यालय सिसौना तक पहुंचने में लगभग नौ किलोमीटर की दूरी कम हो जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास और समृद्धि के नए आयाम स्थापित कर रहा है। राज्य सरकार शहरों से लेकर दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों तक सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि शक्तिफार्म में पीपीपी मॉडल के तहत आधुनिक डेयरी प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित की जा रही है, जहां मिल्क पाउडर, आइसक्रीम और चीज का उत्पादन होगा। वहीं प्रह्लाद पलसिया में लगभग 54 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे एक्वा पार्क का 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए पीएचसी को 30 बेड के सीएचसी में उच्चीकृत किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सितारगंज-टनकपुर फोरलेन, आधुनिक ड्रेनेज प्रणाली, मोटर मार्गों और मल्टी स्टोरी पार्किंग समेत कई विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं। इसके अलावा किच्छा में एम्स सेटेलाइट सेंटर और पंतनगर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की दिशा में भी कार्य प्रगति पर है।
मौके पर कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल, डीएम नितिन सिंह भदौरिया, एसपी अजय गणपति, सीडीओ दिवेश शासनी आदि मौजूद रहे।



