ऋषिकेशसियासत

यूएसएम 33% महिलाओं को देगा टिकट: बॉबी पंवार

उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा का स्वाभिमानी संगम एवं विस्तार कार्यक्रम

ऋषिकेश। उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा ने विधानसभा चुनाव 2027 मजबूती से लड़ने के संकेत दिए हैं। मोर्चा ने अपने संभावित प्रत्याशियों में 33 प्रतिशत सीटें महिलाओं को देने का ऐलान किया है। अध्यक्ष बॉबी पंवार ने कहा कि गठबंधन उन्हीं दलों से करेंगे, जो भाजपा-कांग्रेस की छाया से दूर होंगे।

रविवार को गुमानीवाला स्थित एक होटल में मोर्चा का स्वाभिमानी संगम एवं विस्तार कार्यक्रम आयोजित किया गया। अध्यक्ष बॉबी पंवार ने उत्तराखंड की सत्ता में रहे दलों की नीतियों को आड़े हाथों लिया। आरोप लगाया कि पिछले 25 वर्षों में सत्ता और विपक्ष दोनों ने राज्य के संसाधनों और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया। उत्तराखंड के युवा आज अपने ही राज्य में उपेक्षा का सामना कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा विधानसभा चुनाव में मोर्चा जिन सीटों पर प्रत्याशी उतारेगा, उनमें 33 प्रतिशत टिकट महिलाओं को देगा। इसके अलावा युवाओं, बुद्धिजीवियों और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वालों को मौका दिया जाएगा। कहा कि मोर्चा प्रदेश में विकल्प के तौर पर खुद को जनता के बीच ले जाएगा।

इस अवसर पर पार्टी ने नरेंद्र सिंह नेगी को प्रदेश सचिव, हेमंत डंग को ऋषिकेश महानगर इकाई अध्यक्ष, रवि नेगी को युवा स्वाभिमान मोर्चा अध्यक्ष मनोनीत किया। कार्यक्रम में वहीं मोर्चा के उपाध्यक्ष त्रिभुवन चौहान, बृज भानु प्रकाश गिरी बाबू, सुरेंद्र नेगी, सुधीर रतूड़ी, बॉबी रांगड़, बलराज नेगी, पुष्पा रावत, साक्षी पोखरियाल, रेणू नेगी, मनीष डिमरी आदि ने भी विचार रखे।

संचालन मोर्चा के महासचिव सुधीर राय ने किया। मौके पर जिलाध्यक्ष शीशपाल पोखरियाल, राहुल रावत, संजय बुड़ाकोटी, नवीन रमोला, रविंद्र भारद्वाज, मदन कोठारी, शैलेंद्र मिश्रा, संतीश रावत, शुभांकित रावत, कुलदीप चौहान, चित्रपाल सजवाण, सूरज पंवार, विपिन नेगी, राकेश बिष्ट, आशुतोष डंगवाल, अनूप बसलियाल, यशपाल असवाल, बीना रावत, सुनीता, गीता वर्मा, बृजेश राजभर आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button